आगरा रोड पर कुरसंडा मोड़ के निकट शुक्रवार की शाम चलती एंबुलेंस में अचानक आग लगने से खलबली मच गई। फायर ब्रिगेड की दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
आगरा जिले के एत्मादपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार एंबुलेंस से सादाबाद से आगरा लौट रहे थे। कुरसंडा मोड़ के निकट एंबुलेंस में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। चालक ने आनन-फानन एंबुलेंस को रोका और नीचे उतर गया।
एंबुलेंस में आग लगने से आसपास हड़कंप मच गया। चालक ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई। दमकल ने आग पर काबू पाया। तब तक एंबुलेंस जलकर राख हो गई।