न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा पीपीपी आधार पर मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की स्वीकृति दी गई है। यहां मेडिकल कॉलेज के लिए हाथरस- सासनी मार्ग पर पराग डेयरी की भूमि चयन पहले ही हो चुका है। यह जानकारी सदर विधायक अंजुला माहौर ने दी।
जिले के बाशिंदे लंबे समय से मेडिकल कॉलेज के निर्माण की आस लगाए बैठे थे। तीन साल पहले शासन ने बजट में जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा की थी, जिससे जिले के बाशिंदों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू नहीं हो सका। शासन की ओर भूमि चयन किए जाने को लेकर जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगे गए।
जिला प्रशासन ने दो स्थानों के प्रस्ताव को चयन के लिए भेजा। शासन स्तर से सासनी की पराग डेयरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए मंजूरी दी गई। प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य को शुरू किए जाने के लिए कई बार अनुस्मारक पत्र भी शासन को भेजे गए। अब इस मामले में शासन स्तर से कार्यवाही शुरू हो गई है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा जिले में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। संवाद
मंजूरी पर भाजपाइयों ने जताई खुशी
केंद्र सरकार से मेडिकल कॉलेज के लिए वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, प्रेम सिंह कुशवाहा, सुनील गौतम, अविनाश तिवारी आदि भाजपाइयों ने खुशी जताई है। भाजपाइयों ने कहा है कि मेडिकल कॉलेज के लिए सदर विधायक अंजुला माहौर लगातार पैरवी कर रहीं थीं। उन्होंने इस मुद्दे को कई बार विधानसभा में उठाया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मेडिकल कॉलेज जल्द से जल्द बनवाने की मांग की थी। वे कई बार इसे लेकर अधिकारियों से मिलीं थीं।