न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ब्रज के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के 111वें महोत्सव के तहत मंगलवार की रात्रि में ओलंपियन साक्षी मालिक जनता के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं। महाराष्ट्र से आए भारत केसरी पहलवान सिकंदर शेख भी जनता के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। दोनों ही मल्ल विद्या के शिरोमणि पहलवानों ने अखाड़े में पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
नामचीन हिंद केसरी एवं भारत केसरी पहलवानों के मध्य कई कुश्तियां कराई र्गइं। कुछ कुश्तियां आर-पार हुईं तो कुछ बराबरी पर छूटीं। आखिरी बड़ी कुश्तियों के क्रम में पहली कुश्ती जस्सा पहलवान मरौड़ पटियाला (पंजाब) व हैप्पी पहलवान पंजाब के मध्य एक लाख 51 हजार रुपये की राशि की हुई। 20 मिनट की इस कुश्ती में दोनों पहलवानों ने मल्ल विद्या के जौहर दिखाए।
काफी कश्मकश के बाद इस कुश्ती को जस्सा पहलवान मरौड़ ने अपने प्रतिद्वंद्वी हैप्पी पहलवान को चित कर जीत लिया। इस कुश्ती का हाथ दंगल मुख्य संरक्षक व सांसद राजवीर दिलेर और दंगल के सह संयोजक देव चौधरी उर्फ (देवा पहलवान) ने संयुक्त रूप से मिलवाया।
इस क्रम में दूसरी बड़ी कुश्ती दोनों भारत केसरी पहलवान कलुआ गुर्जर दिल्ली व सोनू पहलवान पंजाब के मध्य हुई। तीन लाख रुपये की यह कुश्ती काफी मशक्कत के बाद बराबरी पर छूटी। इसका हाथ सांसद राजवीर दिलेर व भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष किसान मोर्चा अनुज चौधरी ने मिलवाया।
इसी शृंखला में दंगल की अंतिम बड़ी कुश्ती पांच लाख रुपये के इनाम के लिए भारत केसरी हरिकेश पहलवान हाथरस व मोनू पहलवान भारत केसरी दिल्ली के मध्य 30 मिनट की हुई। इस पर इनाम बढ़ते हुए पांच लाख 84 हजार रुपये पर पहुंच गया। रोमांच से भरी इस कुश्ती में दोनों पहलवानों ने अपने-अपने दांव-पेच दिखाए। कड़ी मशक्कत के बाद अंत में यह कुश्ती बराबरी पर छूटी।
ओलंपिक में पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक के अखाड़े में आते ही उन्हें देखने के लिए पूरा स्टेडियम दंगल में उमड़े जनसैलाब उमड़ा। साक्षी की झलक पाने के लिए प्रशंसक बेताब दिखाई दिए। भीड़ ने तालियां बजाकर साक्षी मलिक का जोरदार अभिनंदन किया। देश भर में धूम मचाने वाले महाराष्ट्र के भारत केसरी पहलवान सिकंदर शेख की झलक पाने के लिए लोग लालायित दिखे। कई लोगों ने सिकंदर शेख पहलवान के साथ सेल्फी ली।
दंगल रात्रि ढाई बजे तक चला। दंगल में रोहतक हरियाणा से आईं विजेता साक्षी मालिक, सांसद राजवीर दिलेर, डीएम रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय, पूर्व विधायक सिकंदराराऊ यशपाल सिंह चौहान, सांसद पुत्र सुरेंद्र दिलेर, संयोजक राजेश गुड्डू 51 किलो को माला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर पूर्व विस्तारक सौरभ शर्मा, दंगल संचालक कुंजबिहारी शर्मा, प्रशांत शर्मा, पूरन पहलवान, विजय कुमार पुरोहित, अर्जुन वाल्मीकि, भोंदी पहलवान, गुलशन सैनी, भूपेंद्र कौशिक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुराग अग्निहोत्री, रजत चौधरी, अंकित गौड़ आदि थे। दंगल संयोजक ने टीम का स्वागत किया।
भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने फटकारी लाठियां
अखिल भारतीय बुर्ज कुश्ती दंगल में भीड़ काफी रही। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। दंगल के अखाड़े में पुलिस कर्मी जूते पहनकर चढ़ गए। आयोजकों ने पुलिस कर्मियों से जूता उतारकर अखाड़े पर पहुंचने की अपील की।
सिकंदर से हुई पुलिसकर्मियों की तीखी नोक-झोंक
मेला श्रीदाऊजी महाराज में महाराष्ट्र से आए पहलवान सिकंदर शेख को पुलिस कर्मी पहचान नहीं सके। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने सिकंदर शेख को ही प्रवेश से रोक दिया। इस दौरान वहां काफी देर तक पुलिस कर्मी व पहलवानों की नोंकझोंक हुई। वहीं एक बच्चे के भी चोटिल होने की सूचना रही। संवाद