न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
करवट बदलते मौसम में शहर से गांवों तक वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। लगभग घर-घर में चारपाई पर पड़े बुखार से तप रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना लगभग दो हजार से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें एक हजार से ज्यादा तो वायरल फीवर के ही मरीज होते हैं। सीएचसी में भी काफी संख्या में वायरल फीवर के मरीज पहुंच रहे हैं।
आजकल दिन के समय चिलचिलाती धूप निकलने के दौरान उमस भरी गर्मी और देर रात तापमान में गिरावट के साथ मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। मौसम के बदलाव के प्रति लापरवाही बरतने से बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। मौसमी व संक्रामक बीमारियों के साथ-साथ अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा। घर-घर में लोग चारपाई पर पड़े बुखार से तप रहे हैं।
सुबह आठ बजे से ही जिला अस्पताल की ओपीडी की शुरुआत से पहले ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। इनमें शहर व ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग वायरल फीवर का इलाज कराने आ रहे हैं। सबसे ज्यादा छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को वायरल फीवर अपनी चपेट में ले रहा है। सुबह होते ही खासी तादाद में अस्पतालों के ओपीडी में मरीजों की कतारें लग रही हैं।
ये हैं बीमारी के लक्षण
- थकान व तेज बुखार के साथ गले, सीने, सिर व जोड़ों में दर्द।
- आंखों का लाल होना, खांसी व उल्टी-दस्त की समस्या भी हो सकती है।
ऐसे करें बचाव
- घर व आसपास सफाई का ध्यान रखें।
- घरों के आसपास नालियों में गंदा पानी और कूड़ा जमा न होने दें।
- पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
- बुखार आने पर मलेरिया की जांच कराएं।
- मच्छरदानी में सोएं।
- वायरल के लक्षण दिखाई देने पर सबसे पहले मरीज को परिवार के बाकी सदस्यों से अलग कमरे में रखें।
- बुखार ज्यादा होने पर डिहाइड्रेशन हो सकता है, ऐसे में मरीज को मौसमी फलों के जूस जैसे तरल पदार्थों का सेवन कराना चाहिए।
- तले-भुने व देर से हजम होने वाले भोजन से परहेज करें, हल्का व सुपाच्य भोजन करें।
- पानी को उबालकर व छानकर पिएं।
- चिकित्सक की सलाह के बिना मरीज को कोई भी दवाई न दें।
- इस दौरान पूरी नींद लेना जरूरी है।
- कई दिनों से बुखार का आ रहा है, उसी की दवा लेने के लिए अस्पताल आए हैं। काफी लंबी लाइन लगी है। नंबर आने पर ही उपचार मिला है।
धर्मपाल सिंह, मरीज।
- गांव में दवा ली थी, लेकिन बुखार में उससे कोई फायदा नहीं हुआ तो अब जिला अस्पताल से दवा लेने आई हूं, ताकि जल्दी से ठीक हो जाऊं।
रानी, मरीज।
- पिछले कई दिनों से एकदम से वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। नए मरीजों की ओपीडी 2000 के पार पहुंच रही है, जिनमें 50 फीसदी के लगभग वायरल फीवर के मरीज आ रहे हैं। संसाधनों के आधार पर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। डॉक्टरों की कमी के बीच प्रयास किया जा रहा है कि अस्पताल आने वाला हर मरीज ठीक होकर जाए। - डॉ. सूर्य प्रकाश, सीएमएस जिला अस्पताल।