हाथरस : गांव रुद्रपुर में बुखार से पीड़ित किशोरी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। सरकारी और निजी अस्पताल बुखार पीड़ित मरीजों से भरे पड़े हैं। चंदपा क्षेत्र के नगरिया ऊसरा में बुखार से एक किशोर की मौत हो गई। वह पिछले कई दिन से बुखार से पीड़ित था। कई गांवों में बुखार कहर बरपा रह है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में काफी लोग बुखार से पीड़ित हैं और वहां घर-घर चारपाई बिछी हैं।
बुखार के रोगियों की इस समय भरमार है। बुखार के कारण लोगों की जान भी जा रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों में इस समय सबसे ज्यादा संख्या में बुखार के रोगी ही आ रहे हैं। चंदपा क्षेत्र के गांव नगरिया ऊसरा निवासी 12 वर्षीय विकास पुत्र विजेंद्र पिछले पांच दिन से बुखार से पीड़ित था। उसका निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा था। तबीयत और ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर चले गए।
वहीं कई गांवों मे वायरल बुखार का कहर जारी है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में भी बुखार फैल गया है। घर-घर चारपाई बिछी हुई है। कई लोगों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कुछ लोगों का गांव में ही उपचार चल रहा है। बच्चों से लेकर बड़े तक बुखार की चपेट में आ गए हैं।
लोगों को आशंका है कि कहीं यह बुखार और ज्यादा विकराल रूप न ले ले। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मंजीत सिंह का कहना है कि जहां भी बुखार फैलने की सूचना मिल रही है। वहां टीमें भेजी जा रही हैं और वह मरीजों का उपचार कर रही हैं। उनका कहना हैं कि डेंगू से वैसे जिले में कोई मौत नहीं हुई है। संवाद