न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गोवर्धन पूजा का पर्व बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। घर और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर उनकी पूजा की गई। जगह-जगह अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। शाम को शहर की गोशाला में मेला लगा और वहां दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। इधर, बड़ी संख्या में लोग गोवर्धन परिक्रमा के लिए गए।
दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है, लेकिन इस बार मंगलवार को सूर्यग्रहण के चलते गोवर्धन का पर्व नहीं मनाया गया। ऐसे में गोवर्धन का पर्व बुधवार को मनाया गया। सुबह ही लोगों ने अपने घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई। मंदिरों में भी आकृति बनाई और पूजा-अर्चना की गई।
मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया। स्थान-स्थान पर अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। शाम को शहर की प्राचीन गोशाला में मेला लगा। वहां काफी लोगों की भीड़ गोवर्धन महाराज के दर्शन के लिए उमड़ी। वहां भजन-कीर्तन हुआ। शहर के अन्य मंदिरों में भी दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। इधर, शाम को लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। संवाद
खरीदकर लाना पड़ा गोबर
हाथरस। लोगों को गोवर्धन महाराज की आकृति बनाने के लिए गोबर की जरूरत पड़ी तो शहर के काफी लोग गोपालकों के यहां गए। एक बाल्टी गोबर 50 से 100 रुपये तक की कीमत में खरीदकर लाना पड़ा।
महंगे रेट में बिकीं सब्जियां
हाथरस। अन्नकूट तैयार करने के लिए बाजार से लोग सब्जी भी खरीद कर लाए। ऐसे में सुबह सब्जी की कीमत अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा मंहगी रही और ग्राहकों की भीड़ भी ज्यादा दिखी।