न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शुक्रवार की दोपहर से फिर शुरू हुई बारिश के चलते शहर से देहात तक बिजली की लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण लोगों को कई घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा। विभागीय कर्मी आपूर्ति को सुचारु करने में जुटे रहे। पर्याप्त बिजली न मिलने से लोगों में गुस्सा है।
उल्लेखनीय है कि बिजली की लाइनें शहर से देहात तक जर्जर हालत में झूल रही हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। लाइनों में फॉल्ट के चलते बिजली पहुंच से दूर हो रही है। इस कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार की दोपहर से शुरू हुई बारिश के चलते शहर के गिजरौली, नवीपुर, ओढ़पुरा, प्रगतिपुरम, कांशीराम टाउनशिप आदि विद्युत उपकेंद्रों की लाइनों में फॉल्ट हो गए।
इसके अलावा देहात के सलेमपुर, नगला रति, महौ, उघई, चंदपा, मुरसान आदि उपकेंद्रों की लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण करीब तीन से चार घंटे लोगों को बिजली की आंख मिचौली का सामना करना पड़ा। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। विभागीय कर्मी आपूर्ति को सुचारु करने में जुटे रहे। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद