न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
गांव घूंचा में 21 अक्तूबर की रात को पति-पत्नी के बीच विवाद में बीच-बचाव कर रहे 22 वर्षीय बेटे की सेवानिवृत्त फौजी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी की पत्नी ने पति, परिजन और गांव के कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
21 अक्तूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे गांव घूंचा में गोविंद सिंह पुत्र राधेश्याम ने अपनी लाइसेंसी रायफल से जान से मारने की नीयत से फायर कर अपने पुत्र विशाल (22 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान राजाराम पुत्र लाल सिंह ने रायफल छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपी ने रायफल की बट राजाराम के सिर में मारकर उन्हें भी घायल कर दिया। परिवारी जन एवं गांव के कुछ लोगों ने शव को जलाकर अवशेष नष्ट कर दिए।
इसे लेकर सुनीता देवी ने अपने पति गोविंद सिंह पुत्र राधेश्याम निवासी घूंचा सादाबाद,परिवार और गांव के लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार द्वारा की जा रही है। सुनीता देवी के बयान एवं घटना के चश्मदीद के बयान एवं तमाम सबूतों के आधार पर गोविंद सिंह, प्रधान डॉ. चंदू उर्फ चंद्रपाल पुत्र करन सिंह निवासी घूंचा को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया। इसके बाद जेल भेज दिया गया। संवाद