हाथरस : गंधक और पोटाश के विस्फोट से झुलसे किशोरों का जिला अस्पताल में होता उपचार। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दिवाली पर आतिशबाजी चलाना कई लोगों को महंगा पड़ गया। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पवलोई में दो किशोर गांव के बाहर टैंक पर बैठे-बैठे गंधक और पोटाश को मिलाकर पीस रहे थे। इस बीच जोरदार धमाका हुआ, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। धमाका सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों बच्चों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पवलोई में मंगलवार की दोपहर को विष्णु का 12 साल का बेटा रोहन और जीतू का 10 साल का बेटा सनी गांव के बाहर टैंक पर बैठकर गंधक व पोटाश को मिलाकर पीस रहे थे। दोनों को एक साथ पीसने पर जोरदार धमाका हुआ, जिससे टैंक फट गया। रोहन और सनी बुरी तरह घायल हो गए।
धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल की और दौड़े। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। दोनों बच्चों को ग्रामीण व परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। संवाद