न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस डिपो को सहालग से अच्छी आमदनी की उम्मीद है। कोहरे में बसों के संचालन को सुचारु रखने के लिए ऑल वेदर बल्ब लगाए जाएंगे। इससे बसों के संचालन में चालकों को राहत मिलेगी। सर्दी में लंबे मार्ग की बसों पर दो चालकों की तैनाती की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 77 बसें हैं। बीते महीनों में आमदनी का ग्राफ कम रहा है। इसे लेकर अधिकारी खासे परेशान हैं। अब 25 नवंबर से सहालग की शुरुआत होने जा रही है। इस बार नवंबर और दिसंबर में मात्र 14 शुभ मुहूर्त हैं। इस कारण सहालग भी कम हैं।
अब डिपो के अधिकारी सहालग से अच्छी आमदनी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। निगम स्तर से सहालग के लिए बसों का सामान भी आना शुरू हो गया है। बसों में ऑलवेदर बल्ब लगाए जा रहे हैं। साथ ही बसों के साइड शीशे पूरे किए जा रहे हैं। बसों को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि बसों का सही तरीके से हो सके और आमदनी में इजाफा हो सके। संवाद