न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
पंचायत उप चुनाव के लिए चार अगस्त को मतदान होगा और पांच अगस्त को मतगणना होगी। सबसे ज्यादा एहतियात सादाबाद में जिला पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव को लेकर बरती जा रही है। जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेश कुमार पांडेय ने तहसील सभागार में संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्हें मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में लगाई गई है, वह सभी निर्धारित स्थलों पर मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होने तक उपलब्ध रहेंगे। पोलिंग पार्टी मतदान केंद्र पर पहुंचकर वहीं विश्राम विश्राम करेंगी। मतदान केंद्र पर बैरिकेडिंग करते हुए मतदान की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। मतदान केंद्र के अंदर वे ही अधिकारी और कर्मचारी प्रवेश करेंगे, जिनका पहचान पत्र उस बूथ के लिए बनाया गया होगा। जिस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में है, वह व्यक्ति मतदान केंद्र पर प्रवेश करेगा। मतदान के उपरांत कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र के अंदर उपस्थित नहीं रहेगा। मतदान केंद्र के बाहर निर्धारित सीमा के अंदर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त भीड़ इकठ्ठा न होने पाए।
उन्होंने कहा कि मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जब तक मतपत्र पेटिका स्ट्रांग रूम पर जमा नहीं हो जाती, तब तक संबंधित अधिकारी, कर्मचारी यथावत अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात रहेंगे। मतदान के दौरान कोई भी अधिकारी, कर्मचारी व पुलिस बल किसी भी मतदाता से किसी भी संबंध में वार्ता नहीं करेगा। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही होने की दशा में संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी देवेश कुमार पांडेय ने कहा कि जिन लोगों की निर्वाचन कार्य में ड्यूटी लगाई गई है, सर्वप्रथम वह अपना पहचान पत्र प्राप्त कर लें। जिस स्थान पर ड्यूटी लगाई गई है, उस स्थान पर समय से पहुंचें और मतदान प्रक्रिया समाप्ति तक तैनात रहें। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस बल को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान और मतगणना के दिन बाहरी व्यक्तियों के आवागमन पर नजर रखते हुए सुनिश्चित करना है कि कोई अराजक तत्व तो नहीं है, जो मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने कहा कि पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल से निकलने से पूर्व मतदान के लिए प्रयोग की जाने वाली मतपत्र पेटिका की जांच एवं मतदान के लिए प्रयोग की जाने वाली आवश्यक सामग्री का सूची से मिलान कर लें। यदि कोई सामग्री कम है तो उसे तत्काल वहीं से प्राप्त कर लें। इसके लिए रवानगी स्थल पर अलग से काउंटर बनाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रकाश कुमार ने कहा कि जिले में मतदान, मतगणना को संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। प्रत्येक बूथ पर 10-15 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस मजिस्ट्रेट नियमित रूप से भ्रमणशील रहेंगे। बैठक के दौरान एडीएम न्यायिक मो. मोइनुल इस्लाम, एसडीएम शिव सिंह, जिला विकास अधिकारी, सीओ ब्रह्म सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल उपस्थित रहा। संवाद