संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बिजली चोरी में पकड़े गए लोगों के लिए राहत की बात है। अब उन्हें बिजली कार्यालय के कनेक्शन के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जुर्माना और राजस्व निर्धारण की एक तिहाई राशि जमा करने के बाद उन्हें फिर से बिजली का कनेक्शन मिलेगा। बाकी राशि वह बाद में जमा कर सकेंगे। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए अफसरों ने यह निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि शहर में 34 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है। तमाम कोशिशों के बावजूद बिजली चोरी पर पूरी प्रतिबंध नहीं लगा है। इस कारण विभाग को हर माह लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। शहर में चले चेकिंग अभियान के दौरान काफी लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई है। उनके द्वारा जुर्माना व राजस्व निर्धारण की राशि जमा नहीं की गई है। इस कारण उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिल सका है।
वह जुगाड़ से दूसरा कनेक्शन करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अब उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। जो राशि है, उसका एक तिहाई जमा करने के साथ उन्हें दोबारा कनेक्शन मिलेगा। इससे बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा, साथ ही विभाग को राजस्व भी मिलेगा। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अभिषेक कुमार सिंह का कहना है कि जिन लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई है, वह जुर्माना व राजस्व निर्धारण की एक तिहाई राशि जमा कर कनेक्शन ले सकते हैं।
छह लोगों के यहां पकड़ी चोरी
हाल ही में फीडर वार ऑडिट का काम हुआ है। इसमें ज्यादा बिजली चोरी वाले इलाकों को अफसरों ने चिन्हित कर लिया है। इसके तहत बृहस्पतिवार को एक्सईएन अभिषेक कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीओ एसएन पांडेय व विजिलेंस प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में तहसील फीडर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान छह लोगों ने यहां केबल में कट लगाकर बिजली चोरी पाई गई। इन सभी के खिलाफ बिजली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।