न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस) रहस्यमय बीमारी से कस्बे में सूअरों की मौत होने का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार हो रही सूअर की मौत से उनके पालकों की चिंता बढ़ गई है। जांच रिपोर्ट आने तक सूअर पालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रहस्यमय बीमारी से कस्बे में सूअरों की मौत होने का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार हो रही सूअर की मौत से उनके पालकों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को भी आठ सूअरों की मौत हो गई। इधर, सूअरों के शव से फैल रही गंदगी और दुर्गंध से कस्बे के लोग परेशान हैं।
हालांकि इनके निस्तारण के लिए सूअर पालकों को प्रशासन ने कड़े निर्देश दिए हैं। सूअरों की मौत से पशुपालकों को अब तक भारी नुकसान हुआ है। सूअरों की मौत की वजह का पता लगाने के लिए पशु चिकित्सा विभाग प्रयास कर रहा है। सूअरों के रक्त के नमूने जांच के लिए बरेली भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट आने तक सूअर पालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि इस बीमारी को पशु चिकित्सा विभाग स्वाइन फीवर बता रहा है। पशु चिकित्सा विभाग अगर जल्द ही इस बीमारी की वजह और सूअरों की मौत के कारण का पता नहीं कर पाया तो सूअर पालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। संवाद