न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मोहल्ला श्रीनगर सराय में ई-रिक्शा घर से नीचे उतारते वक्त पलट गया। इसकी चपेट में आने से बुजुर्ग चालक घायल हो गए। बेहोशी की हालत में उनको परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर घर चले गए।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला श्रीनगर सराय निवासी 60 वर्षीय कल्लू खां ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार की सुबह वह अपने घर के अंदर से ई-रिक्शा निकाल रहे थे। इस बीच ई-रिक्शा पलट गया।
इसकी चपेट में आने से कल्लू खां घायल हो गए और बेहोश होकर वहीं गिर गए। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। परिवार के लोग बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग शव को लेकर घर चले गए। संवाद