न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न कार्यालयों का बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में रखी निष्प्रयोज्य सामग्री और फर्नीचर आदि का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट परिसर में खिड़कियों, जंगलों पर गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के आयुध अनुभाग, भूलेखा-अनुभाग, डीएलआरसी पटल, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड एवं पुनर्वास कार्यालय, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), वीआईपी सहायक प्रकीर्ण लिपिक कक्ष, राजस्व अभिलेखागार, जिला पूर्ति कार्यालय, संयुक्त कार्यालय, मुख्य राजस्व लेखाकार कक्ष, नाजिर सदर/नायब नाजिर कक्ष, ट्रेजरी, ई-गवर्नेन्स सेल, जिला सूचना विज्ञान कार्यालय आदि पटलों का मुआयना किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों में पत्रावलियों व अभिलेखों आदि के बारे में जानकारी कर पत्रावलियों का रख-रखाव उचित ढंग से रखने के निर्देश दिए।
राजस्व अभिलेखागार कक्ष में निरीक्षण के दौरान बस्तों का रखरखाव सूचीबद्ध न होने पर उन्हें सूचीबद्ध तरीके से रखने एवं कक्ष में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति कार्यालय में दीवार पर सीलन व प्लास्टर खराब होने पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को दीवार की मरम्मत एवं खराब पड़े हुए फर्नीचर को सही कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ी हुई झाड़ियों व घास को कटवाते हुए साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। ई-गवर्नेंस सेल के निरीक्षण के दौरान निष्प्रोज्य कंप्यूटर उपकरणों, फर्नीचर आदि रखे होने पर जिलाधिकारी ने ईडीएम मनोज उपाध्याय को नाजिर कलेक्ट्रेट से समन्वय स्थापित कर निष्प्रोज्य सामग्री का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर के कार्यालयों की खिड़कियों तथा जंगलों में गंदगी होने पर नाराजगी जताई। संवाद