हाथरस जिले में पुलिस भती सहित कई अन्य कार्येां के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र बनवाने में मिल रहीं भ्रष्टाचार की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने प्रमाणपत्र से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रत्येक तहसील में एक नोडल अधिकारी भी नामित किए हैं।
गौरतलब है कि जिले में वर्तमान में पुलिस भर्ती के लिए बड़ी संख्या में आवेदन किए जा रहे हैं। इसे लेकर आय, जाति, निवास एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी किए जाने के संबंध में कई शिकायतें मिल रही हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए डीएम अर्चना वर्मा ने प्रभावी कदम उठाया है। डीएम ने शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला स्तर पर एक
हेल्पलाइन नंबर 05722227041 जारी किया है। आम जन अपनी समस्या व शिकायतों के निस्तारण के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
डीएम ने प्रत्येक तहसील में प्रमाणपत्रों के नियमानुसार समय से निर्गमन के लिए लेखपालों की उपस्थिति प्रतिदिन सुनिश्चित करने के साथ ही लेखपालों के दूरभाष नंबर तहसील कार्यालय में चस्पा किए जाने के निर्देश दिए हैं। यह भी कहा है कि प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली न हो। तहसील स्तर पर जो नोडल अधिकारी बनाए हैं, उनको निर्देश दिए गए हैं कि वह प्रमाणपत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों को दूर कराएंगे।