न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की नौ ग्राम पंचायतों में प्राप्त प्रस्तावों की खामियों को दूर कर पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। वहीं, तीन ग्राम पंचायतों में अगले चरण में शासन के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया हो पाएगी। विभाग की ओर से खामियों को दूर करने के लिए पंचायतों को खामियों को दूर करने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की तैनाती की जा रही है। इन पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्रामीणों को ऑनलाइन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इसी क्रम में सभी पंचायतों में पंचायत भवन को सभी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को उनके ही गांव में योजनाओं का लाभ मिल सके।
प्रथम चरण में भर्ती के दौरान 64 ग्राम पंचायतों में मिली आपत्ति व अन्य कारणों से पंचायत सहायकों की भर्ती नहीं हो पाई थी। शासन के निर्देश पर प्रशासन की ओर से रिक्त 64 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। इनमें से 61 ग्राम पंचायतों ने पंचायत सहायक भर्ती को लेकर अपने-अपने प्रस्ताव प्रशासन को उपलब्ध कराएं । 52 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती कर दी गई है। संवाद