न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
टनकपुर से मथुरा जंक्शन तक चलने वाली ट्रेन का ठहराव स्थानीय रेलवे स्टेशन पर करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने एक ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक परिचालन इज्जतनगर के नाम स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि ट्रेन संख्या 05062 एवं 05061 टनकपुर से मथुरा जंक्शन तक चल रही है। यह इस रूट की प्रमुख ट्रेन है। इसका ठहराव स्थानीय स्टेशन पर दो मिनट किया जाए। इसको लेकर मथुरा होते हुए लंबी दूरी की यात्रा करने वाले एटा और सिकंदराराऊ क्षेत्र के हजारों लोगों का लाभ मिलेगा।
ज्ञापन में कहा है कि सिकंदराराऊ से ही प्रतिदिन लगभग 1500 यात्री विभिन्न स्थानो के लिए यात्रा करते हैं, इसलिए यह हाथरस जनपद का प्रमुख स्टेशन है, जो कासगंज, एटा, अलीगढ़ और हाथरस जनपद के मध्य स्थित है। मांग करने वालों में चेयरमैन सरोज देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवदत्त वर्मा, सभासद धर्मेंद्र कुमार वर्मा, महीपाल सिंह, अभिषेक यादव, अजय यादव, अमित यादव, भानु प्रकाश अध्यापक, अजब सिंह अध्यापक, विकास कुमार, मनोज कुमार, वीर सिंह, अवनीश कुमार आदि थे। संवाद