न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से कार्मिकों का खाका खींच लिया गया है। यहां जिले के 232 कार्यालयों के 10,566 कर्मचारियों का ब्योरा आयोग के पोर्टल पर फीड कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से इन कार्मिकों को प्रशिक्षण दिए जाने के लिए मास्टर ट्रेनरों की सूची तैयार ली गई है, जिससे जल्द से जल्द प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जा सके।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में प्रशासन ने जिले में निकाय चुनाव के लिए तैयारियों का खाका खींचना शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से जिले के सभी कार्यालयों के कार्मिकों का ब्योरा पोर्टल पर फीड करने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक जिले के 232 कार्यालयों के 10,566 कर्मचारियों का डाटा पोर्टल पर फीड कर दिया गया है।
अब तक जिले के 215 कार्यालयों के कार्मिकों का ब्योरा फ्रीज कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से प्रशिक्षण के लिए खाका खींचना शुरू कर दिया गया है। जिले के 25 मास्टर ट्रेनरों की सूची तैयार कर ली गई है। इन ट्रेनरों को पहले निकाय चुनाव के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद इन मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। अब जल्द ही प्रशिक्षण के लिए तिथियां निर्धारित की जाएंगी। संवाद