हाथरस : शहर की रामनगर कॉलोनी में लोहड़ी पर्व पर जश्न मनाते लोग। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर की पंजाबी बस्तियों में लोहड़ी के दिन शुक्रवार की शाम भांगड़ा और गिद्दा का धमाल देखने को मिला। जमकर ढोल-नगाड़े बजे और इसकी थाप पर लोग थिरकते दिखे। शीतलहर का असर इस त्योहार पर नहीं दिखा।
शहर के पंजाबी बस्तियों में कहीं बेटे के जश्न तो कहीं शादी की खुशी में लोहड़ी का जश्न मनाया गया। रात्रि आठ बजे के बाद घरों में लोहड़ी जलना शुरू हो गई। इसके बाद पंजाबी क्वार्टर, नेहरू कॉलोनी, हीरालाल क्वार्टर आदि इलाकों में लोग जश्न में डूबे दिखे। डीजे की धुन पर ठुमके लगाते नजर आए।
गीत-संगीत के बीच बच्चे, महिलाएं युवा और बुजुर्ग पंजाबी संगीत पर झूमते दिखे। महिलाओं ने लोहड़ी के पंजाबी गीत गाकर पर्व में चार चांद लगा दिए। हर चेहरे पर लोहड़ी का उल्लास नजर आया। नवजात बच्चों और नई शादी वाले घरों में नवयुगलों की न्योछावर की गई। भांगड़ा गिद्दा ने जोरदार धमाल मचाया। सभी ने एक-दूसरे को लोहड़ी की बधाई दी। कई घरों में दावत भी दी गई। शुक्रवार की देर रात तक लोहड़ी की धूम रही। संवाद