हाथरस : बजट के अभाव में रुका बिसावर में निर्माणाधीन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन का न
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
बिसावर में निर्माणाधीन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निर्माण कार्य बजट के अभाव में लटका है। इससे तकनीकी शिक्षा का इंतजार कर रहे युवाओं की उम्मीद कमजोर पड़ती जा रही है।
पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में युवाओं को तकनीकी शिक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से बिसावर में राजकीय आईटीआई को मंजूरी दिलाई थी। इसके लिए 676.99 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। सितंबर 2017 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। भवन तो लगभग बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अन्य जरूरी कार्य बजट के अभाव में नहीं हो पाए हैं। 30 जून 2022 तक संस्था का निर्माण पूरा होना था।
भूतल, प्रथम एवं द्वितीय तल में प्लास्टर एवं फ्लोर टाइल्स तक का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बिजली फिटिंग और फिनिशिंग जैसे जरूरी काम अभी भी बाकी हैं। क्षेत्र के युवाओं को इंतजार है कि आईटीआई का संचालन शुरू हो जाएगा तो उन्हें यहां रोजगारपरक कोर्स करने की सुविधा मिलेगी, लेकिन वक्त के साथ उनकी उम्मीद कमजोर पड़ती जा रही है।
पूर्व मंत्री रामवीर ने भी लिखा था सीएम को पत्र
आईटीआई का निर्माण पूरा कराए जाने के लिए दिवंगत पूर्व मंत्री व तत्कालीन विधायक रामवीर उपाध्याय ने जनवरी 2020 में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में पूर्व मंत्री ने मांग की थी कि बिसावर में युवाओं को तकनीकी शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से खोले गए आईटीआई का भवन अधूरा पड़ा है। कार्यदायी संस्था से पता चला है कि निर्माण के लिए भुगतान नहीं हो पाया है। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के लिए दूर दराज तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। उन्होंने बजट अवमुक्त कराकर जल्द से जल्द आईटीआई का निर्माण पूरा कराने का अनुरोध किया था। इस पर व्यावसायिक शिक्षा सचिव ने अधिकारियों को निर्माण के लिए भुगतान के निर्देश भी दिए थे, लेकिन निर्माण कार्य अभी रुका पड़ा है। संवाद