न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बागला जिला संयुक्त अस्पताल में उपकरणों की खरीद को लेकर हुई टेंडर की प्रक्रिया पर उठे सवालों की जांच अपर निदेशक (एडी) स्वास्थ्य द्वारा विशेषज्ञों से कराई जाएगी। इसके आधार पर ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एडी ने साफ तौर पर कहा है कि जांच के बाद ही हकीकत सामने आएगी।
स्वास्थ्य विभाग में उपकरणों की खरीद को लेकर अधिकारियों पर मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए पिछले दिनों शासन स्तर पर एक फर्म द्वारा शिकायत की गई थी। इसमें सर्जिकल उपकरण एजेंसी ने शिकायत करते हुए कहा था कि जैम पोर्टल के पक्ष में जारी शासनादेश के अनुसार कोई भी वीओक्यू कस्टम विड आमंत्रित करना वित्तीय अनियमितता है।
आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने सामान खरीदने के लिए नियमों की अनदेखी करते हुए निविदा अपलोड कर दी है, जबकि वीओक्यू की निविदा जब ही अपलोड की जा सकती है। तब सामान की केटेगिरी उपलब्ध न हो। अब इस मामले की जांच मंडल स्तर की टीम द्वारा किया जाएगा। एडी हेल्थ डॉ. वीके सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जा रही है, ताकि शिकायत में लगे आरोपों की हकीकत सामने आ सके। संवाद