न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)जिलाधिकारी रमेश रंजन ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत थरौरा में पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया।उन्होंने वहां स्थापित पुस्तकालय को भी देखा।उन्होंने कक्षा में छात्राओं से हिंदी की किताब पढ़वाकर देखी और विज्ञान विषय की प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उनके ज्ञान को भी परखा।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत थरौरा में पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्थापित पुस्तकालय को भी देखा। उन्होंने कक्षा में छात्राओं से हिंदी की किताब पढ़वाकर देखी और विज्ञान विषय की प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उनके ज्ञान को भी परखा। विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर लिखवाकर भी देखा। बच्चे उनके सामने ठीक से किताब भी नहीं पढ़ सके।
डीएम ने छात्र-छात्राओं से ब्लैक बोर्ड पर अंग्रेजी को लिखवाकर देखा। शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर न होने पर डीएम ने कहा कि हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है कि छात्राओं को बेहतर शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। उन्होंने तैनात अध्यापकों को पढ़ाने के तरीके में बदलाव करने के साथ पाठ्यक्रम को पढ़ाने के पश्चात छात्रों से पाठ्य पुस्तक को पढ़वाने निर्देश दिए, जिससे अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा दी जा सके।
विज्ञापन
पंचायत सचिवालय में स्थापित पुस्तकालय के कमरे में खिड़कियों का आकार बढ़ने और पर्याप्त मात्रा में प्रकाश की व्यवस्था करने एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव से भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।
सचिवालय में स्थापित कंप्यूटर से भुगतान की प्रक्रिया को करने के निर्देश दिए। डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत के कार्यों से संबंधित भुगतान पंचायत सचिवालय से ही हो और इसका निरंतर अनुश्रवण कराएं। सार्वजनिक भवनों की पुताई/पेटिंग को सफेद रंग से कराई जाए। संवाद