न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी/हाथरस।
कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव भोजगढ़ी में मंगलवार की सुबह आठ वर्षीय बच्चे का शव तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्चा 15 अगस्त को स्कूल गया था और तभी से लापता हो गया। सुबह टहलने जा रहे ग्रामीणों ने उसके शव को देखा। सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिले है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
गांव निवासी फिरोज का आरोप है कि सोमवार की सुबह उसका आठ वर्षीय बेटा आरिस घर से 15 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दोपहर तक जब वह नहीं आया तो उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पूरे गांव में खोजबीन कराकर बच्चे के बारे में जानकारी की गई। तब भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद परिजन घर आ गए। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों को तालाब में बच्चे का शव मिला तो मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना इलाका पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई पुलिस ने तलाब से शव को बाहर निकाला। बच्चे के शरीर पर कपड़े नहीं थे और चोट के निशान थे।
बच्चे की मौत उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि बच्चे की हत्या कर उसके शव को फेंका गया है। घटनास्थल से बच्चे के कपड़े भी नहीं मिले। चेहरे पर चोट के निशान थे। खून बह रहा था। सूचना पर फोरेंसिक एवं डॉग स्क्वायड की टीम ने छानबीन भी की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव का कहना है कि बच्चे के परिजनों ने 15 अगस्त को शाम थाने आए थे। इनकी तहरीर के आधार पर धारा 363 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। संवाद