न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके की बांके बिहारी कॉलोनी में बुधवार को हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली सदर इलाके के गांव नंदराम नगरिया निवासी सोनी शर्मा पुत्री पंकज शर्मा से बुधवार की देर शाम को कोटा रोड स्थित बांके बिहारी कॉलोनी निवासी एक युवक से विवाद हो गया था। इसे लेकर युवती के परिवार के लोग आरोपी के घर बांके बिहारी कॉलोनी पहुंचे तो वहां पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते फायरिंग होने लगी। इसमें सोनी शर्मा, अमन शर्मा पुत्र पंकज शर्मा, जोगेंद्र पुत्र बलदेव, पूजा शर्मा पुत्र योगेश शर्मा, चिराग शर्मा पुत्र योगेश शर्मा छर्रा लगने से घायल हो गए।
यहां पुलिस भी पहुंच गई। छर्रे लगने से घायल हुए तीन किशोरों व दो युवतियों का पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार कराया। सोनी शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजदों सिद्धार्थ, सारंग और अजय सिकरवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली सदर प्रभारी लोकेश कुमार भाटी ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद