हाथरस : गांव कुंवरपुर में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते सीडीपीओ। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम पंचायत कुंवरपुर की ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने पुष्टाहार वितरण को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) के निर्देश पर बाल विकास एवं पुष्टाहार अधिकारी (सीडीपीओ) धर्मेंद्र कुलश्रेष्ठ ने गांव कुंवरपुर पहुंचकर सर्वप्रथम केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद रजिस्टरों को अवलोकन किया। बच्चों को वितरित होने वाले पुष्टाहार की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ग्राम प्रधान व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बैठाकर वार्ता की गई। प्रधान ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा समय से पुष्टाहार वितरण न करने व समय से केंद्र पर न आने की शिकायत की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने ग्राम प्रधान के परिजनों पर भी अभद्रता का आरोप लगाया। सीडीपीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को समय से पहुंचकर केंद्र को खोलने के निर्देश दिए। केंद्र पर ग्राम प्रधान की निगरानी में पुष्टाहार का वितरण करने के भी निर्देश दिए। सीडीपीओ धर्मेंद्र कुलश्रेष्ठ ने बताया कि अब मामले को सुलझा दिया गया है। अब किसी प्रकार के कोई विवाद की स्थिति नहीं है। संवाद