न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर नौ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट एवं अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने बताया कि 13 जुलाई रात आठ बजे वह चारपाई पर लेटी हुई थी। उसी समय नामजद युवक घर का दरवाजा तोड़कर घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। सभी ने मिलकर उसके साथ अश्लील हरकतें भी की जिससे उसके कपड़े फट गए। उसका पुत्र उसे बचाने आया तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी आ गए।
लोगों को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। महिला का आरोप है कि जब वह कोतवाली में शिकायत करने गई तो एक सिपाही ने रिपोर्ट लिखने के लिए उससे रुपये भी ले लिए। जब उसने उक्त सिपाही से पूछा तो उसने कहा कि मेरी एसपी से जाकर शिकायत कर वही उसकी रिपोर्ट लिखाएगा। पीड़िता ने एसपी से उसकी रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है। संवाद