हाथरस : सासनी में लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी/हाथरस।
सासनी में बुधवार को साकार विश्व हरि के सत्संग में भक्तों की जबर्दस्त भीड़ उमड़ी। भीड़ के चलते आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। हालांकि सत्संग के दौरान कोई अफरा-तफरी नहीं दिखाई दी, लेकिन सत्संग खत्म होने के बाद छूटी भीड़ से राजमार्ग पर ऐसा जाम लगा कि उसे खुलवाने में पुलिस और साकार विश्व हरि के वालिंटियरों के पसीने छूट गए। करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कंकाली मंदिर के निकट कृषि भूमि परिसर में साकार विश्व हरि का सत्संग आयोजित हुआ। इस दौरान सत्संग पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ जमा हुई। करीब दो घंटे तक सत्संग चला चला। इसके बाद राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की कई किलो मीटर लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान राहगीर एवं बाबा के भक्त गर्मी से परेशान नजर आए। इस भयंकर गर्मी में जाम में फंसे लोग पीने के पानी के लिए भी तरस गए। इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम में घंटों फंसी रहीं। कई रोडवेज बसें भी जाम में फंसी रहीं। इनमें सवार यात्रियों का मारे गर्मी के हाल बेहाल हो गया।
इन दिनों सासनी में साकार विश्व हरि के संत समागम चल रहा है। बुधवार में गुरु पूर्णिमा के दिन सतसंग में लाखों की संख्या में भीड़ जुटने की संभावना थी मगर पुलिस ने जाम से निपटने के लिए कोई योजना नहीं बनाई। जैसे ही दोपहर तीन बजे सतसंग समाप्त हुआ तो राजमार्ग पर जबर्दस्त जाम लग गया। हर तरफ भक्तों की भीड़ दिखाई दे रही थी। इस कारण जाम में एंबुलेंस एवं कैदी वाहन भी फंसे रहे। सासनी कस्बे के कोतवाली चौराहे पर चारों ओर से जाम लग गया। काफी देर बाद कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभाली। उसके बावजूद वाहनों का कारवां रेंग-रेंगकर ही आगे बढ़ सका। संवाद