न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
करवा चौथ के दिन कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला हेमा में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया। वहां महिला के मायके के लोग भी आ गए।
इगलास रोड स्थित गांव हेमा नगला निवासी हितेश की 26 वर्षीय पत्नी वंदना ने अपने पति की दीर्घायु के लिए करवाचौथ का उपवास रखा था। बताया जा रहा है कि रात को करवाचौथ पूजन के बाद पति-पत्नी और परिवार के अन्य सभी सदस्यों ने खाना खाया। इस बीच करीब नौ बजे वंदना की हालत बिगड़ गई। इसे देखकर परिजन घबरा गए और उसे आनन-फानन परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां डॉक्टर ने वंदना को मृत घोषित कर दिया। जानकारी हुई तो पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार की सुबह मृतका के मायके के लोग भी जनपद बदायूं से हाथरस पहुंच गए। मायके व ससुराल पक्ष के लोगों की सहमति के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि महिला की मौत के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर चले गए। संवाद