न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में डेंगू मरीजों के साथ बुखार के मरीजों की भी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके अलावा सर्दी-खांसी के रोगी भी जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों में प्रतिदिन बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्थिति ऐसी है कि जिला अस्पताल के वार्ड फुल हो गए हैं। डॉक्टर की टीम मरीजों की निगरानी कर रही है। हर दिन इमरजेंसी वार्ड में एक भी बेड खाली नहीं रहता है। यहां डेंगू के वार्ड फुल हो चुके हैं, इसलिए तो कोविड अस्पताल को डेंगू वार्ड में तब्दील कर दिया गया है, ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने पर उन्हें वहां भर्ती किया जा सके।
मौसम में बदलाव के साथ हर रोज जिले में डेंगू व बुखार के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को मरीजों से जिला अस्पताल का जनरल वार्ड फुल नजर आया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सूर्यप्रकाश अपनी टीम के साथ वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल जानते नजर आए। इनमें से अधिकांश मरीज वायरल बुखार के हैं। अभी तक जिले में 33 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि इसमें से ज्यादातर स्वस्थ हैं। तीन जिला अस्पताल में भर्ती हैं। वार्ड में भर्ती बुखार पीड़ित मरीजों की डेंगू और मलेरिया की जांच कराई गई, लेकिन कोई संक्रमित नहीं मिला। संवाद
अब अस्पताल में डेंगू के दो मरीज भर्ती हैं, उनकी स्थिति ठीक है। पहले भर्ती हुए डेंगू मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर भी चले गए हैं। अपने यहां ओपीडी में आने वाले से 150 बुखार के मरीजों की मलेरिया व डेंगू की जांच की जा रही है। बुखार के रोगियों में कमी आई है।
-डॉ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस जिला अस्पताल
जिले में डेंगू के साथ वायरल मरीजों की संख्या बढ़ी है। जहां से भी सूचना मिल रही है, वहां पर हमारी टीमें लगी हुई हैं। साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी पर दवाएं उपलब्ध करा दी गई है। डेंगू मरीजों के घर स्वास्थ्य विभाग की टीम जा रही हैं। मरीजों के संपर्क में आने वालों की जांच भी कराई जा रही है।
-डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ।
मौसम में बदलाव में गले में दिक्कत हो गई है। वहीं ठंड से बुखार आने की अहसास भी हो रहा है। उसी की दवा लेने आई हूं, लेकिन यहां तो लंबी लाइन लगी हुई है।
-हरभेजी, मरीज
सर्दी से बच्चे को बुखार आ गया है। उसी को दवा दिलवाने अस्पताल आई थी। डॉक्टर ने अच्छे से बच्चे को देख कर दवा दी है। उम्मीद है कि वह स्वस्थ हो जाएगा।
-रजनी, मरीज
मौसम के आए बदलाव से पेट में दर्द की शिकायत हो गई है। पेट दर्द की दवा लेने आई हूं। लाइन में लगकर अपना नंबर आने का इंतजार है।
-रामवती, मरीज
ठंड से सर्दी और खांसी की समस्या हो गई है। उसी की दवा लेने के लिए जिला अस्पताल आई हूं, यहां पर काफी भीड़ है।
-श्रीदेवी, मरीज