संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस जंक्शन के पुन्नेर निवासी व्यक्ति ने गांव के ही एक व्यक्ति पर बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत पुलिस से की गई है। बाबू सिंह निवासी पुन्नेर ने बताया कि उनके बेटे ने 10 महीने पहले स्वास्थ्य विभाग में विज्ञापन के तौर पर ऑनलाइन आवेदन किया था।
विज्ञापन में एएनएम व जीएनएम के पद पर भर्ती की बात कही गई थी। उन्होंने परीक्षा का एडमिट कार्ड निकलवा लिया था। तभी गांव का ही एक व्यक्ति बाबू सिंह के घर पर आया और कहने लगा कि उसकी लखनऊ स्वास्थ्य विभाग में एक बड़े अधिकारी से जुगाड़ है। उसने बेटे का चयन कराने का भरोसा दिलाया। इसके लिए उसने सात लाख रुपये का खर्चा भी बताया।
उसी वक्त इस व्यक्ति यह कहकर उनसे एक लाख रुपये अग्रिम ले लिए कि वह लखनऊ जा रहा है। परीक्षा का परिणाम आया तो उसमें बेटे का नाम नहीं आया। उन्होंने इस व्यक्ति से एक लाख रुपये वापस मांगे तो वह गुमराह करता रहा। नौ अगस्त को वह उसके घर पर रुपये लेने गया तो उसने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।