न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस ने अपह्त किशोरी को बरामद कर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। उसके कपड़ों को पुलिस डीएनए जांच के लिए भेजने की भी तैयारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि शहर के नाई का नगला निवासी एक युवक अकबर हाथरस जंक्शन क्षेत्र में एक ढाबे पर नौकरी करता था। वह इसी ढाबे के निकट एक गांव में पानी भरने के लिए जाता था। वहां उसकी मुलाकात 17 वर्षीय एक किशोरी से हो गई। आरोप है कि दूसरे समुदाय के इस युवक ने किशोरी को फंसा लिया और वह मंगलवार की रात्रि में उसे अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। किशोरी के पिता बाहर मेहनत-मजदूरी करते हैं।
किशोरी के लापता होने के बाद परिजनों ने उसके पिता को इस मामले की सूचना दी और खुद भी किशोरी और पुलिस ने इस युवक की तलाश शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर आरएसएस के कुछ पदाधिकारी भी सक्रिय हो गए। पूरे मामले की जानकारी कर किशोरी के पिता को लेकर थाना हाथरस जंक्शन पहुंचे। वहां किशोरी के पिता ने अपनी बेटी के अपहरण की तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। संवाद