न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र में एक मोहल्ले का युवक रविवार को एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया। दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं कुछ संगठनों के पदाधिकारी इस मामले को लेकर कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
शहर का एक युवक 16 जुलाई की रात्रि में एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया। किशोरी जब नहीं मिली तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस भी इनकी तलाश में जुट गई। किशोरी के भाई का आरोप है कि जानकारी होने पर जब वह अपनी बहन की तलाश करने गया तो मुख्य आरोपी के भाई ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
किशोरी के पिता ने इस मामले में कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा दूसरे समुदाय के युवक के विरुद्ध दर्ज कराया है। इधर, भारत स्वाभिमान दल के संस्थापक दीपक शर्मा अपने समर्थकों के साथ कोतवाली सदर पहुंच गए। इन लोगों का कहना था कि इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को भी उन्होंने इससे अवगत कराया। सीओ सिटी मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि इस मामले में आरोपी आदिल सहित तीन नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों और किशोरी दोनों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद