न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पत्नी से छिपकर अपनी प्रेमिका के घर रह रहे युवक के साथ किसी ने मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसके परिवार के लोग भी आ गए।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने शादीशुदा होते हुए भी एक युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया और खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी कर ली। शादी के बाद वह अपनी प्रेमिका के साथ शहर के एक मोहल्ले में किराये पर रहने लगा। इसकी जानकारी युवक की पत्नी को हुई तो कलह होने लगी। उसे पत्नी व परिवार के लोगों ने काफी समझाया, लेकिन उसके सिर से प्यार का भूत उतरने का नाम नहीं ले रहा है।
वह चोरी छिपे अपनी प्रेमिका के साथ रहने लगा। बताया जा रहा है कि रात को उसकी किसी ने पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के पिता ने बताया की उनके बेटे को प्रेमिका के घर पर किसी ने पीटा है, जबकि पत्नी घर पर है। यहां प्रेमिका भी आ गई। उसने बताया कि युवक ने खुद को कुंवारा बताते हुए प्रेम विवाह किया। तभी से साथ रह रही है। संवाद