न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को 88 साल के बुजुर्ग ने अधिशासी अभियंता से एक सड़क के निर्माण की मांग की। कुंवरपुर मोड़ से कोराना-चमरुआ जाने वाली इस सड़क पर 12 से ज्यादा गांव है। रेलवे से सेवानिवृत्त बीएस शर्मा वर्ष 2017 सड़क निर्माण के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
शुक्रवार की दोपहर को वह अलीगढ़ रोड स्थित लोनिवि कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एक्सईएन राजेश कुमार निगम से कहा कि साहब सालों से सड़क खराब है। इस कारण हमारी हड्डियां अब दर्द कर रही हैं। इस सड़क को बनवा दो। एक्सईएन ने सहायक अभियंता (एई) से कहा कि इस मार्ग का जूनियर इंजीनियर (जेई) से सर्वे करा निर्माण की प्रक्रिया में लाएं, क्योंकि हमारे पास 88 साल के बुजुर्ग अपनी व्यथा लेकर आए हैं। संवाद
इन गांवों के लोगों को मिल सकती है राहत
कुंवरपुर मोड़ से चमरुआ के बीच सड़क जर्जर होने के चलते नगला नाई, भूतेश्वर, नहरोई, कुंवरपुर, नगला बांस, लक्ष्मी नगरिया, कोटा, कपूरा, रंगपुरा, मोहनपुरा, सरकोरिया, नगला अमरा, रोहई, नगला अंता, नगला सोरों, ढकपुरा, नगला रामराय, कोरना बाया चमरुआ, रामगढ़, भीलम, बैरीसला, बमनई, मुरसान, सादाबाद होते हुए दाऊजी मार्ग को जोड़ता है।
एक बुजुर्ग ने पत्र दिया है। इस मार्ग के निर्माण के लिए एई और जेई को मौके पर निरीक्षण कर सर्वे करने के लिए कहा गया है।
-राजेश कुमार निगम, एक्सईएन लोनिवि