न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) का शनिवार को दो पालियों में आयोजन हुआ। दोनों पालियों में 68.77 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 31.23 फीसदी अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। जिला, पुलिस प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान केंद्रों का दौरा किया।
शनिवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का 15 विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजन हुआ। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक हुई पीईटी परीक्षा में 9612 अभ्यर्थियों में से 4645(67.20%) ने परीक्षा दी और 2267 (32.80%) अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक हुई दूसरी पाली की परीक्षा में 4861 (70.33%) अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2051 (29.67%) अभ्यर्थी परीक्षा में गायब रहे। शनिवार को हुई दोनों पालियों की परीक्षा में 13824 अभ्यर्थियों में से 9506 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 4318 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। इस प्रकार 15 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा में 68.77 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 31.23 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों की पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। संवाद
- 15 केंद्रों पर पहले दिन की पीईटी परीक्षा का शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिसमें 9506 अभ्यर्थी शामिल हुए। 4318 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। - रीतू गोयल, डीआईओएस