न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को गांव जरैया में शिविर लगाया। इसमें डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। टीम ने करीब 90 घरों के 56 मरीजों की जांच की। इसमें चार लोगों की डेंगू और मलेरिया की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई।
दरअसल शनिवार को लगे शिविर के दौरान गांव में बुखार के रोगी मिले हैं। रविवार को ग्राम जरैया में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दलवीर सिंह रावत ने गांव का भ्रमण कर वायरल की बीमारियों से बचाव और रोकथाम के उपाय ग्रामवासियों को बताए। लोगों को डेंगू व मलेरिया से संबंधित लक्षणों की जानकारी दी गई। लोगों से घर के बर्तनों, गमलों और कूलरों में पानी एकत्रित न करने की सलाह दी गई।
छत पर रखे बर्तन, टायर और टूटे-फूटे बर्तन के आसपास सफाई के लिए भी जागरूक किया गया। एंटी लार्वा दवा का भी छिड़काव कराया गया। इस मौके पर डॉ. पावस कुशवाहा, डॉ. राजीव शर्मा, आकाश कौशिक (बीएचडबल्यू), कु. प्रीती देशवाल सीएचसओ, कैलाश प्रयोगशाला सहायक, एचईओ चतुर सिंह मौजूद रहे। संवाद