हाथरस : नगर पंचायत सहपऊ का भवन। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सहपऊ नगर पंचायत में शामिल नए इलाकों में पचास लाख रुपये से बिजली व्यवस्था में सुधार होगा। नए इलाके में लाइन बनाने, ट्रांसफार्मर लगाने व क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर निगम को भेजा गया है। हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू होगा।
उल्लेखनीय है कि शासन स्तर से हाथरस जिले में हाथरस नगर पालिका व सहपऊ नगर पंचायत का सीमा विस्तार किया गया है। सीमा विस्तार वाले इलाकों को आज भी ग्रामीण अंचल की बिजली आपूर्ति हो रही है। इस कारण लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
अब आमजन को राहत देने व राजस्व को बढ़ाने के लिए बिजली विभाग सहपऊ नगर पंचायत के नगला सुखराम, नगला बादम, नगला मेवा, तकिया आदि इलाकों में लाइन बिछाने व ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर निगम को भेजा गया है। टाउन के रोस्टर के हिसाब से बिजली मिलने के बाद ग्रामीणों को तीन रुपये 35 पैसे की जगह साढ़े पांच रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल अदा करना होगा।
अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है कि सहपऊ नगर पंचायत में टाउन की बिजली उपलब्ध कराने के लिए पचास लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। टाउन में शामिल इलाकों में नई लाइन बिछाई जाएगी। ट्रांसफार्मर आदि लगाए जाएंगे। संवाद