न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत अब जिले के 121 लाभार्थियों को जल्द ही लाभ मिल सकेगा। इसे लेकर समाज कल्याण विभाग की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग को प्राप्त आवेदनों की जांच तहसील व ब्लॉक स्तर से कराई गई। इस सत्यापन में 31 आवेदक अपात्र पाए गए। वहीं 121 आवेदन पात्रता की श्रेणी पर खरे उतरे हैं।
अब इन लाभार्थियों को आर्थिक मदद मुहैया कराए जाने को लेकर विभाग की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीडीओ ने सभी पात्रों के दस्तावेजों की जांच के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी को निर्देश दे दिए हैं। वहीं तहसील व ब्लॉक स्तर पर जांच पूरी होने के इंतजार में करीब 300 आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। संवाद