संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले की ग्राम पंचायतों में बने पंचायत सचिवालयों के माध्यम से अब ग्रामीणों को अपने ही गांव में 243 सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इसे लेकर शासन स्तर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी सुविधाओं को पोर्टल पर भी लाइव करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
शासन के निर्देश पर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवनों का निर्माण किया गया। इन भवनों को सभी सुविधाओं से युक्त करते हुए पंचायत सचिवालय के रूप में संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देश के क्रम में इन सचिवालयों के संचालन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक की तैनाती भी की गई।
इन पंचायत सहायकों के जरिये ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों के लिए खर्च होने वाली निधि का भुगतान भी पंचायत सचिवालय के सिस्टम के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अब ग्रामीणों के लिए यह पंचायत सचिवालय योजनाओं का लाभ देने में राहत प्रदान करेंगे। शासन स्तर से इन सचिवालयों में तैनात पंचायत सहायकों को वीएलई के रूप में तैयार किया जा रहा है।
ग्रामीणों को अब 243 सेवाओं का लाभ एक ही छत के नीचे मिल सकेगा। उनको कार्यालयों के चक्कर लगाने नहीं पड़ेंगे। सभी योजनाओं के ऑनलाइन फॉर्म के जरिये आवेदन भी इन सचिवालयों के माध्यम से हो सकेंगे। ग्रामीणों को इन सचिवालयों के माध्यम से जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र,आय, मूल निवास, जाति प्रमाणपत्र, खसरा और खतौनी की प्रति आदि सुविधाएं आसानी से मुहैया हो सकेंगी। इसे लेकर ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
- ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को वीएलई के रूप में तैयार किया जा रहा है। पंचायत सचिवालय के माध्यम से ग्रामीणों को 243 सेवाओं को अपने ही गांव में लाभ मिल सकेगा। जल्द ही सभी सेवाओं को पोर्टल पर लाइव कर दिया जाएगा। - सुबोध जोशी, जिला पंचायतराज अधिकारी