हाथरस : सर्पदंश से मृत प्रिंस जादौन का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कोतवाली के गांव टीकरी खुर्द में मंगलवार की रात को घर में सो रहे 12 वर्षीय बालक की सर्पदंश से मौत हो गई। यह बालक स्थानीय राजकमल पब्लिक स्कूल में छठवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार को कई घंटे तक बालक का बायगीरों से भी इलाज कराया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दोपहर को परिवार वालों ने बालक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
बता दें कि गांव निवासी सत्यपाल सिंह का 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस जादौन मंगलवार की रात को अपने घर में सो रहा था। एकाएक उसके सिर में दर्द हुआ तो परिवार वालों ने उसे दर्द निवारक गोली दे दी। कुछ देर बाद प्रिंस को दिखाई देना बंद हो गया तो तत्काल परिजन उसे सीएचसी ले गए।
वहां पता चला कि उसके हाथ में सर्प दंश के निशान थे। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन रात में ही उसे सासनी के एक गांव में बायगीरों के यहां लेकर पहुंचे। बायगीरों ने गांव में आकर नीम के पत्ते लगाकर उपचार बालक का उपचार किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद बायगीर भी हार मानकर चले गए। बताया गया कि सर्प ने बालक के हाथ में कई जगह काटा था। बालक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। संवाद