हाथरस। जिले के 100 गांवों के ग्रामीणों को जल मिशन के तहत शुद्ध पेयजल आपूर्ति जल्द उपलब्ध हो सकेगी। जल निगम की ओर से कार्यदायी संस्था के जरिये प्रोजेक्ट को तैयार कर लिया गया है। इस प्रोजेक्ट में घरों की संख्या, घरों में दिए जाने वाले कनेक्शनों का ब्योरा, पाइप लाइन की लंबाई आदि को समाहित किया गया है। अब इस प्रोजेक्ट को जल्द ही प्रशासन के माध्यम से शासन को बजट स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। विभाग की ओर से 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
शासन के निर्देश पर जिले के ग्रामीणों इलाकों में ग्रामीणों को शुद्ध पानी की आपूर्ति के लिए जल निगम की ओर से जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन पेयजल योजना के तहत प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें जिले के मुरसान, हाथरस, सहपऊ और सादाबाद ब्लॉक के 100 ग्रामों को शामिल किया गया है। इन ग्रामों का कार्यदायी संस्था के जरिये सर्वे कराया गया। सर्वे में संस्था की ओर से घरों की संख्या, पाइप लाइन की लंबाई, टंकी के लिए भूमि चयनित आदि का ब्योरा एकत्रित किया गया।
विभाग की ओर से 100 गांवों के छोटे छोटे करीब 50 प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं, जिससे बजट मिलने में आसानी हो सके। 100 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट से इन ग्रामों में पाइप लाइनें बिछाकर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। ग्रामीणों के घरों के बाहर पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे। विभाग की ओर से प्रोजेक्ट को तैयार कर लिया गया है। अब इस प्रस्ताव को जल्द ही डीएम के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा, जिससे बजट आवंटित हो सके। संवाद
शासन के निर्देश पर जिले के 100 गांवों में 100 करोड़ रुपये से पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएंगी। इन गांवों में ग्रामीणों को पाइप लाइन के जरिए पेयजल आपूर्ति मुहैया कराई जाएगी। प्रस्ताव को तैयार कर लिया गया है। शासन को इसे भिजवाया जा रहा है।
-मोहम्मद इमरान, अधिशासी अभियंता जल निगम, ग्रामीण।