न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लंपी रोग से बचाव को लेकर पशुपालन विभाग पशुपालकों को जागरूक करने के साथ पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में पशु पालन विभाग की ओर से अब तक जिले के सीमावर्ती गांवों में टीकाकरण पूर्ण कर लिया गया है। जिले के 1.10 लाख पशुओं को अब तक यह टीका लग चुका है।
विभाग का दावा है कि टीकाकरण की बदौलत जिले में अब पशुओं में लंपी का प्रकोप तेजी से कम हो रहा है। पशुपालन विभाग की ओर से गांव गांव सर्विलांस टीमें लगाई गई हैं। यह टीमें गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को पशुओं में फैलने वाली बीमारी व बचाव के बारे में जागरूक कर रही हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि सभी गोशालाओं में रह रहे पशुओं के टीकाकरण पूर्ण हो गया है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती सभी गांवों के पशुओं में टीकाकरण पूर्ण कर लिया गया है। फिलहाल जिन पशुओं में लंपी रोग था, वह तेजी से ठीक हो रहे हैं। विभाग की ओर से ऐसे पशुओं की लगातार निगरानी की जा रही है। संवाद