जनपद हापुड़ के अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुधवार को पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। अध्यक्ष अजय कुमार भारद्वाज व महासचिव पवन कुमार शर्मा की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने जनपद हापुड़ के एसपी व सीओ का पुतला फूंका। बार हॉल में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर रविंद्र कुमार व सीओ सिटी सुरेंद्र सिंह को सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्याें से विरत रहे।
ज्ञापन में जिला बार के अधिवक्ताओं ने कहा कि जनपद हापुड़ के न्यायालय परिसर में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज किए जाने से प्रदेश के अधिवक्ताओं में आक्रोश है। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद हापुड़ से संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और उनके स्थानांतरण किए जाने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने की मांग भी उठाई। उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन व प्रदेश के अधिवक्ताओं का आंदोलन उग्र रूप ले सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर बालकृष्ण उपाध्याय, शशिरंजन द्विवेदी, पीयूष वशिष्ठ, लल्लनबाबू, बृजमोहन राही, प्रवीण चौधरी, विनोद शर्मा उर्फ बंटी भैया, मोहन पंडित, नवदीप पाठक, चंद्रमोहन ऋषि, अरविंद उपाध्याय, नरेश शर्मा, राधेलाल पचौरी, भोलू पंडित, रोहित दुबे आदि मौजूद थे।
दि कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने अध्यक्ष प्रेम सिंह यादव व महासचिव दाऊदयाल शर्मा की अगुवाई में मुख्यमंत्री को संबोधित एडीएम न्यायिक को ज्ञापन दिया। इस मौके पर दिनेशचंद्र टीटू, प्रभुलाल शर्मा, आशीष कौशिक, विनोद कुमार गौतम, संदीप शर्मा, अखंड प्रताप सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद थे।