चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव के प्रधान ने कब्जा कराने के लिए एक पक्ष के लोगों पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगवा दिया। पुलिस ने जांच में इन आरोपों को न केवल झूठा पाया, बल्कि प्रधान को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लेकर चालान कर दिया। बताया जाता है कि गांव में एक जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रधान ने एक पक्ष का समर्थन किया और दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए षड्यंत्र रचा। आरोप है कि महिला को इसके लिए तैयार किया गया। महिला ने थाने पहुंचकर प्रधान के विरोधी पक्ष पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। पुलिस ने मामले की जांच की तो सच सामने आ गया। महिला से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने भी सच उगल दिया। पुलिस ने प्रधान और उसके एक सहयोगी पर शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए चालान किया है। चंदपा थाने के एसएसआई सरस चंद्र का कहना है कि मामला जमीन पर कब्जे का था। दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर एक पक्ष को फंसाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की है।