जिले में बिजली संकट लगातार गहरा रहा है। कटौती से जिले के किसान भी परेशान हैं। इसे लेकर मंगलवार को कई ग्रामों के ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने इगलास मार्ग चौराहा स्थित बिजलीघर पर पहुंचकर अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त था।
जिले में लगातार बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। अब जिले के किसान भी बिजली की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति न मिलने से खफा हैं। इसे लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत गंगचौली, कैमार, गढ़ी जैनी, तिपरस के ग्राम प्रधान व ग्रामीण इगलास चौराहा स्थित बिजलीघर पर पहुंचे। पूर्व प्रधान गौरव सिंह ने कहा कि कांशीराम फीडर से ग्रामीण इलाकों को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। इस फीडर से नलकूप के लिए अलग से आपूर्ति दी जा रही है।
सरकार का आदेश है कि नलकूप धारकों को 10 घंटे की आपूर्ति दी जाए, लेकिन यहां जिले में शासन के आदेश के क्रम में बिजली आपूर्ति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नलकूप धारकों को पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण धान की रोपाई में इस समय बेहद दिक्कतें आ रही हैं। धान की रोपाई के लिए सबसे ज्यादा पानी की आवश्यकता पड़ती है। धान की पौध गर्मी और पानी न मिलने की वजह से बेकार हो रहीं है।
इस मौके पर बबलू सिंह, सुधीर सिंह, बंटू सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, मनोज सिंह, गोविंद सिंह, शियोराज सिंह, अनिल सिंह, अजय, योगेंद्र, नीतू सिंह, आदि मौजूद रहे। एसडीओ देहात पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि नलकूप का फीडर अलग होने की वजह से अब 10 घंटे आपूर्ति दी जा रही है। पहले इन गांवों में नलकूप व आबादी की आपूर्ति के लिए एक ही फीडर था। इस कारण भरपूर विद्युत आपूर्ति दी जा रही थी। अब शासन के निदेश के क्रम में नलकूप फीडर को अलग से आपूर्ति दी जा रही है।