आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में शनिवार को प्राचार्या प्रो. इन्दु वार्ष्णेय के निर्देश में छात्र कल्याण समिति के तत्वावधान में जी-20 पर एक गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभांरभ मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य डॉ. एके तोमर डीएस कॉलेज, अलीगढ़, कॉलेज प्राचार्या, सांस्कृतिक समिति प्रभारी और छात्र कल्याण समिति प्रभारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डॉ. तोमर ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के द्वारा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का विश्व स्तर पर प्रचार प्रसार होगा। इस दौरान जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण समावेशी विकास आदि पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जी -20 यह बताता है कि पूरा विश्व एक परिवार है और भारत विश्व गुरु था, विश्व गुरु है और रहेगा। भारत जी-20 की एक वर्ष के लिए अध्यक्षता करेगा। कॉलेज प्राचार्या ने कहा कि गोष्ठी सभी के लिए महत्वपूर्ण और देश के प्रति राष्ट्र भावना जाग्रत करेगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि अर्थशास्त्र विभागाध्यक्षा ने किया।