मृतक पूर्व ग्राम प्रधान संजीव कुमार
- फोटो : फाइल फोटो
जलेसर रोड स्थित गांव जैन गढ़ी के निकट बाइक सवार बदमाशों ने हाथरस के इमलिया नगला निवासी पूर्व ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने की आवाज सुन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। हत्या की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार व गांव के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला इमलिया निवासी 45 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र प्रवेंद्र प्रताप सिंह मंगलवार की शाम को बाइक पर सवार होकर बाघऊ निवासी अपने दोस्त के साथ घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच गांव जैनगढ़ी के निकट घात लगाकर पहले से खड़े बाइक सवार लोगों ने संजीव कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही क्षेत्र में सनसनी मच गई। आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
पूर्व ग्राम प्रधान संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका बाघऊ निवासी दोस्त वहां से डर के मारे भाग गया। सूचना मिलने के बाद इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपनी गाड़ी में रखकर आनन-फानन में पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
पूर्व प्रधान के गांव के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तो देखते ही देखते पोस्टमार्टम हाउस पर सैकड़ों की संख्या में भीड़ जमा हो गई। एहतियात के तौर पर पोस्टमार्टम हाउस परिसर में काफी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अभी पूर्व प्रधान की हत्या को लेकर परिवार के लोग कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।