कस्बा के मोहल्ला अहीरान के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व सपा नेता से एक शातिर युवक ने मोबाइल फोन पर कॉल कर खुद को वरिष्ठ उपनिरीक्षक बताते हुए खाते में 60 हजार रुपये डलवा लिए। जब सपा नेता के मोबाइल पर दोबारा 40 हजार रुपये खाते में भेजने का संदेश आया तो उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ।
नगर पंचायत अध्यक्ष भागवती देवी के पति व सपा नेता सेठ ओमप्रकाश यादव के मोबाइल फोन पर किसी शातिर व्यक्ति ने फोन किया और खुद को पुलिस में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बताते हुए कहा कि वह सीओ की पेशी में आए हैं। उनकी मौसी के बेटे का लखनऊ में एक्सीडेंट हो गया है। वह एक खाता नंबर दे रहे हैं, उस पर 60 हजार रुपये जल्दी भिजवा दें, क्योंकि डाॅक्टर बिना रुपये लिए उपचार शुरू नहीं कर रहे हैं।
ओमप्रकाश ने सत्यता जाने बिना ही कॉल करने वाले ने जो खाता नंबर बताया था, उसमें 60 हजार रुपये डलवा दिए। दोबारा इस व्यक्ति ने फोन कर 40 हजार रुपये और देने की की बात कही। ओमप्रकाश को शक हुआ तो उन्होंने कोतवाली पहुंचकर वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह से जानकारी की तो उन्होंने कहा कि उन्होंने पैसे भेजने के लिए कोई फोन ही नहीं किया। ओमप्रकाश ने साइबर सेल में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।