हाथरस। लखनऊ से आए स्वास्थ्य विभाग के पूर्व डायरेक्टर डॉ. एमके गौतम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 10 फरवरी को मनाए जाने वाले डी वॉर्मिंग डे (राष्ट्रीय क्रिमिनाशक दिवस) की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य विभाग के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेन्द्र सिंह ने उन्हें बताया कि जिले में डी वॉर्मिंग डे पर एक से 19 साल के 2,89,693 बच्चों को पेट में होने वाले कीड़े को रोकने की दवा एलवेंडाजोल खिलाई जाएगी। जिले में एक से पांच साल तक के 1,85,545, छह से दस तक के 67,418 तथा एक से 19 साल के 36,730 बच्चों को यह दवा खिलाई जानी है। एक फरवरी को एलवेंडाजोल की गोलियों की सप्लाई यहां आ जाएगी और छह फरवरी को सरकारी विद्यालयाें के संकुल प्रभारियों और एबीएसए को बुलाकर इस योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी।